'तलवार दंपती ने की थी आरुषि-हेमराज की हत्या'04/17/2013 02:17PM
राजनगर।। आरुषि-हेमराज मर्डर केस में मंगलवार को सीबीआई के एएसपी ए. जी. एल. कौल स्पेशल सीबीआई कोर्ट में हाजिर हुए। उन्होंने कोर्ट में अपने बयान में कहा, 'आरुषि-हेमराज की हत्या डॉक्टर राजेश और डॉक्टर नूपुर तलवार ने की थी।' अब बचाव पक्ष 17 अप्रैल को उनसे जिरह करेगा। इसके पहले कड़ी सुरक्षा के बीच तलवार दंपती कोर्ट में हाजिर हुए। कौल ने कोर्ट में कहा, 'आरुषि -हेमराज मर्डर केस की जांच के लिए 8 सितंबर 2009 को टीम बनाई गई थी। टीम जांच के लिए नोएडा के जलवायु विहार पहुंची थी। मैं इसके आईओ के रूप में शामिल था। मैंने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। वहां डॉ. राजेश तलवार और उनकी पत्नी नूपुर मिली थीं। मकान में घुसने का एक ही दरवाजा था। आरुषि और तलवार दंपती के कमरे के बीच प्लाइवुड की दीवार थी। बीच में एक दरवाजा भी था। इस बारे में तलवार दंपती ने बताया था कि आरुषि के बड़ा होने पर दरवाजा बंद करा दिया गया था। मैंने डॉ. राजेश तलवार से गायब गोल्फ स्टिक के बारे में पूछताछ की थी। उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया था। उन्होंने बताया था कि आरुषि की हत्या के वक्त 'थ्री-मिस्टेक्स ऑफ माई लाइफ' नाम की किताब उनके बेड में थी। आरुषि के मोबाइल का डिब्बा उनके (राजेश) पास था। मैंने वह बुक और डिब्बा राजेश से मांग लिया था। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान, अन्य जांच और परिस्थितियों से मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि आरुषि-हेमराज की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं की और न ही कृष्णा, राजकुमार या विजय मंडल ने की। ये हत्याएं डॉ. राजेश तलवार और डॉ. नूपुर तलवार ने की थी।' मामले में कौल की गवाही पूरी हो गई है।
|
|
Copyright © 2022 K7 News
|
Designed & Developed By k7 news
|