Headline7 विकेट से जीता पुणे वारियर्स, फिंच मैन ऑफ द मैच धार04/12/2013 03:49PM
पुणे. बॉलर्स के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद आरोन फिंच की शानदार हाफ सेंचुरी के दम पर पुणे वारियर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम ने 145 रन का स्कोर खड़ा किया था। आरोन फिंच की पिंच हिटिंग ने इस स्कोर को छोटा साबित करते हुए पुणे की टीम को महज 18.4 ओवरों में टार्गेट तक पहुंचा दिया। पुणे ने 3 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाते हुए मैच 7 विकेट से जीत लिया। बैट्समैन आरोन फिंच इस जीत के हीरो रहे। फिंच ने पुणे को बेहतरीन शुरुआत देते हुए साथी ओपनर रोबिन उत्थप्पा के साथ मिल कर पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। उत्थप्पा के आउट होने के बाद उन्होंने रोस टेलर के साथ मोर्चा संभाला। फिंच ने मैच में 6 चौके और 3 छक्के लगाते हुए 64 रन बनाए। उन्हें फॉल्कनर ने क्लीन बोल्ड कर आउट किया। इससे पहले राजस्थान की टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। ओपनर कुशल परेरा के पहली ही गेंद पर आउट होने के बाद कप्तान राहुल द्रविड़ ने अजिंक्य रहाणे के साथ पारी को संभाला। द्रविड़ ने 8 चौकों की मदद से 54 रन बनाए। कप्तान की फिफ्टी और रहाणे के 30 व ब्रेड हॉज के नाबाद 22 रन के योगदान के दम पर राजस्थान ने 5 विकेट पर 145 रन का स्कोर खड़ा किया। पुणे के ओपनर्स आरोन फिंच और उत्थप्पा ने मिल कर इस स्कोर को छोटा साबित कर दिया। फिंच ने 64 तो उत्थप्पा ने 32 रन बनाए। दोनों धुरंधरों को जेम्स फॉल्कनर ने आउट किया। फिंच का विकेट गिरने के बाद रोस टेलर और युवराज सिंह ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर हरमीत सिंह ने टेलर (17 रन - 1 छक्का) को आउट किया। लेकिन दूसरे छोर से युवी की हिटिंग जारी रही। युवराज ने 2 चौके और 2 छक्के लगाते हुए नॉटआउट 28 रन बनाते हुए पुणे को 7 विकेट से जीत दिला दी। इससे पहले बेंगलुरु में हुए मुकाबले में क्रिस गेल के ब्लास्ट से रॉयल चैलेंजर्स ने कोलकाता को 8 विकेट से हराया।
|
|
Copyright © 2022 K7 News
|
Designed & Developed By k7 news
|