केवल आध्यात्मिक ज्ञान ही ऐसा हे, जो हमारे दुः खो को सदा के लिए नष्ट कर सकता है। - स्वामी विवेकानंद



Headline

डीएसपी हत्याकांड में राजा भैया को मिल सकती है क्लीन चिट
04/19/2013 04:57PM

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां क्षेत्र के बलीपुर गांव में पिछले दो मार्च को पुलिस उपाधीक्षक जियाउल हक समेत हुए तिहरे हत्याकांड की जांच कर रही केन्द्रीय जांच ब्यूरो राज्य के पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह को क्लीन चिट दे सकती है। जांच टीम को अब तक पुलिस उपाधीक्षक की हत्या में निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह की कोई भूमिका नहीं दिखाई दी है। सीबीआई सूत्रों के अनुसार जल्द दिए जा रहे क्लोजर रिपोर्ट में रघुराज प्रताप सिंह को क्लीन चिट दी जा सकती है। पुलिस उपाधीक्षक की विधवा परवीन आजाद ने रघुराज प्रताप सिंह और उनके सर्मथक गुड्डू सिंह, हरि ओम श्रीवास्तव, राजीव सिंह और गुलशन यादव पर अपने पति की हत्या का आरोप लगाया था। परवीन आजाद की दर्ज प्राथमिकी के आधार पर सीबीआई ने रघुराज प्रताप पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया। आरोप लगने के बाद उन्होंने राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया। सीबीआई ने अब तक की जांच में पाया कि ग्राम प्रधान नन्हें यादव और उनके भाई सुरेश यादव की हत्या हिंसा पर उतारू भीड ने की। सीबीआई ने कल रिमाण्ड लिए हुए पुलिस उपाधीक्षक हत्या के आरोपी पवन, फूलचंद और मनजीत के अलावा ग्राम प्रधान नन्हें सिंह की हत्या के आरोपी कामता पाल के पुत्र अजय पाल और विजय पाल के अलावा अन्य लोगों से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार सीबीआई ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में पूछताछ के अलावा दिवंगत ग्राम प्रधान नन्हें सिंह के छोटे पुत्र बबलू उर्फ योगेन्द्र की उम्र के बारे में आंगनबाड़ी में काम करने वाली पुष्पा मौर्य और मंजू श्रीवास्तव के अलावा जिस स्कूल में बबलू पढ़ रहा है उसके कर्मचारियो से भी पूछताछ की। हालांकि जांच एजेंसी को बबलू का मतदाता पहचान पत्र मिल गया है, जिससे साबित होता है कि वह बालिग है। इससे पहले परिवार वालों ने उसे नाबालिग बताया था और सबूत के तौर पर स्कूल के सर्टिफिकेट पेश किए थे। परिवार वालों के अनुसार बबलू की उम्र 16 साल है जबकि सीबीआई उसकी उम्र 19 साल बता रही है। सीबीआई का आरोप है कि स्कूल वालों की सांठगांठ से बबलू के प्रमाण पत्र में छेड़छाड़ की गई है। इस मामले में सीबीआई अलग-अलग लोगों से पूछताछ कर रही है। पिछले दो मार्च को प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां क्षेत्र के बलीपुर गांव में ग्राम प्रधान नन्हें सिंह यादव की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद हिंसा और आगजनी में ग्राम प्रधान के भाई सुरेश यादव और कुंडा के पुलिस उपाधीक्षक जियाउल हक की हत्या कर दी गई थी। सीबीआई डीएसपी हत्याकांड का खुलासा करने का दावा पहले ही कर चुकी है। पुलिस उपाधीक्षक जिया उल हक की हत्या के आरोपी ग्राम प्रधान नन्हें सिंह के अंगरक्षक मनजीत की निशानदेही पर सीबीआई ने बलीपुर गांव में उसके घर से खून से सनी एक जिंस की पैंट को कल रात कब्जे में लिया है। सीबीआई पैंट पर लगे रक्त के धब्बों की जांच करेगी। मनजीत सिंह ग्राम प्रधान नन्हें सिंह के पिता की याद में बने दुखीराम इंटर कालेज का कर्मचारी भी है। मनजीत सिंह सीबीआई की रिमाण्ड पर है। उस पर पुलिस उपाधीक्षक हक की हत्या करने का आरोप है।

default

Designed & Developed By k7 news