केवल आध्यात्मिक ज्ञान ही ऐसा हे, जो हमारे दुः खो को सदा के लिए नष्ट कर सकता है। - स्वामी विवेकानंद



प्रमुख ख़बरें

तांत्रिक ने सिद्धि नाम पर मासूम की बलि दी
04/21/2013 10:40AM

चन्दौली किसी ढोंगी तांत्रिक द्वारा सिद्धि नाम पर मासूम की बलि दिये जाने से क्षेत्र में सनसनी है. यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के हिनौता गांव की है जहां स्थित काली मंदिर के पास एक खेत में शनिवार को अज्ञात मासूम बच्चे का कटा हुआ सिर मिला है. खेत में मासूम का कटा सिर देखते ही ग्रामीणों में हड़कम्प मच गया. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गयी. ग्रामीणों को पास में स्थित एक तालाब के किनारे खून के छींटों के निशान भी मिले हैं, जिससे उक्त मासूम की बलि चढ़ाये जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है. फिलहाल सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कटे हुए सिर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. सदर कोतवाली क्षेत्र के हिनौता गांव में स्थित काली मंदिर के पास गांव के बच्चे खेत में क्रिकेट खेलने के लिए गये हुए थे कि इसी बीच उनकी नजर खेत में गड्ढे के अन्दर मासूम बच्चे के कटे हुए सिर पर पड़ी . जिस पर बच्चे डर गए व इसकी सूचना गांव वालों को दी . सिर मिलने की बात जंगल में आग की तरह चारों ओर फैल गयी. ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते लोगों का हुजूम जमा हो गया. लोग इस बात की चर्चा करने लगे कि आखिर इस मासूम से किसी की क्या दुश्मनी हो सकती है जो इस बेरहमी के साथ हत्या कर दी गयी. लोग अभी चर्चा में मशगूल ही थे कि लोगों की नजर थोड़ी ही दूरी पर स्थित एक तालाब के किनारे खून के छींटों और नरबलि के बाद खून से लिखे जाने वाले मंत्रों पर पड़ी तो लोगों को कुछ भी समझते देर नहीं लगी. लोगों के साथ-साथ गांव के प्रधानपति का भी मानना है कि नवरात्रि में सिद्धि प्राप्त करने के उद्देश्य से ही उक्त मासूम की क्रूर ढोंगी तांत्रिकों द्वारा नर बलि चढ़ाने के बाद उसका सिर खेत में दफन कर दिया गया होगा. सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और कटे सिर को कब्जे में ले लिया. इस संबंध में कोतवाल एके श्रीवास्तव ने बताया कि नवजात शिशु का शव है. पैदा होने के बाद बच्चे की मौत हो गई होगी. जिसे दफना दिया गया होगा. जानवरों ने नोच खसोट कर खा लिया होगा. हालांकि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पीएम रिपोर्ट भी आ गई. पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है.

default

Designed & Developed By k7 news