खाना खज़ानागोभी मटर मसाला04/20/2013 10:08AM
गोभी मटर मसाला को कई सारे देशी मसाले डाल कर बनाया जाता है. ये खाने में मसालेदार और बहुत स्वादिष्ट होती है. गोभी मटर मसाला को किसी मेहमान के आने पर बनाईये या परिवार को बना कर खिलाईये, ये सभी को बहुत पसंद आएगी. ज़रूरी सामग्री: फूल गोभी - 1 मीडियम आकार का (400 ग्राम) हरी मटर के दाने - 1 कप टमाटर - 2 -3 हरी मिर्च - 1-2 अदरक - आधा इंच लम्बा टुकड़ा मूंगफली के दाने - एक टेबल स्पून तेल - 1-2 टेबल स्पून हींग - 1 पिंच (यदि आप चाहें) जीरा - एक चौथाई छोटी चम्मच हल्दी पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच धनियां पाउडर - 1 1/2 छोटी चम्मच नमक - स्वादानुसार (3/4 छोटी चम्मच से कम) चीनी - आधा छोटी चम्मच लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम हरा धनियां - एक टेबल स्पून (बारीक कतरा हुआ) बनाने की विधि: सबसे पहले गोभी को बडे़-बडे़ टुकडों में काट लें. गुनगुने पानी में थोडा़ सा नमक डाल कर मिला लें. इस पानी में गोभी के टुकडे़ डाल कर 10 मिनट के लिए डुबो दें. 10 मिनट बाद इन्हें नमक वाले पानी से निकाल कर साफ़ पानी से अच्छे से धो लें. इसी तरह मटर को भी 1-2 बार पानी में डुबाते हुए अच्छे से धो लें. टमाटर को धो कर बडे़-बडे़ टुकडों में काट लें. अदरक को छील कर धो लें और काट लें. मिर्च के डंठल हटा कर इन्हें भी धो लें. अब इन तीनों को छिली हुई मूंगफ़ली के साथ मिक्सी में डाल कर बारीक पीस लें. एक कढा़ई में तेल गरम करके इसमें हींग और जीरा डाल कर तड़काएं. हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालें. फिर टमाटर का पिसा हुआ मसाला डाल कर भूनें. इस मसाले को तब तक चलाते हुए भूनें जब तक तेल मसाले के उपर ना तैरने लगे. जब मसाला अच्छे से भुन जाए तो इसमें गोभी और मटर डाल कर अच्छे से मिला दें. इन्हें 2 मिनट भून कर आधा कप पानी डाल कर मिलाएं. नमक और लाल मिर्च भी डाल लें. सब्ज़ी को ढक दें और 6-7 मिनट तक धीमी आंच पर ही पकने दें. सब्ज़ी को चैक करें, अगर लगे कि अभी ये हल्की कच्ची है तो इसे एक बार चला कर फिर से ढक कर 2-3 मिनट पका लें. अगर आपको पानी कम लगे तो 1-2 चम्मच पानी भी डाल सकते हैं. निश्चित समय के बाद चैक करें. हमें सब्ज़ी को ज़्यादा गलाना नहीं है. गोभी मटर मसाला तैयार है. इसमें गरम मसाला और हरा धनिया डाल कर मिला लें.
|
|
Copyright © 2022 K7 News
|
Designed & Developed By k7 news
|