धर्म और समाजक्यों जरूरी है अष्टमी और नवमी को कन्या पूजन04/15/2013 04:29PM आदिकाल में महाशक्ति ने धरती पर राक्षसों का विनाश करने और साधु संतों की रक्षा के लिए नवदुर्गाओं का रूप धारण किया था। ये नवदुर्गाएं इस धरती पर राक्षसों का महाविनाश करने में कामयाब हो गईं और मानव जाति को निर्भय करते हुए उन्हें कृषि, पशुपालन और भक्ति कार्यों में निर्भीक रूप से संलिप्त रहने का आशीर्वाद देकर गईं। वैदिक काल से ही हम शेरांवाली के रूप में नवदुर्गाओं की पूजा करते हैं। ये नवदुर्गाएं समय-समय पर विभिन्न प्रकार के अवतार लेकर मानव जाति को संकट से मुक्ति देती हैं। हमारा संपूर्ण वैदिक तंत्र-मंत्र शास्त्र, महाशक्ति के अनुष्ठान से ही शुरू और खत्म होता है। शक्ति ही सृष्टि की सृजनहार है। शक्ति ही अनिवार्य है और शाश्वत है। इसी कन्या रूपी शक्ति का विस्तार ही आगे चलकर अन्नपूर्णा स्वरूप होता है। आठवें दिन महागौरी की पूजा नवरात्र के आठवें दिन व्रत के बाद आठवीं दुर्गा महागौरी की पूजा और देवी अन्नपूर्णा की स्थापना की जाती है। हिमालय राज की पुत्री महागौरी ने अपनी तपस्या से गौर वर्ण प्राप्त किया था। अत: इन्हें सांसारिक ताप का हरण करने वाली माता महागौरी का नाम दिया गया है। उत्पत्ति के समय यह आठ वर्ष की आयु की थीं। इसी कारण नवरात्र के आठवें दिन पूजने से यह सुख-शांति देती हैं। यह धन वैभव और सुख शांति की अधिष्ठात्री देवी हैं। सांसारिक रूप में इसका स्वरूप बहुत ही उज्जवल, कोमल श्वेत वर्णा, श्वेत वस्त्रधारी, चतुर्भुज युक्त, एक हाथ में त्रिशूल, दूसरे हाथ में डमरू लिए हुए, गायन संगीत की प्रिय देवी हैं जो सफेद वृषभ यानी बैल पर सवार हैं। कन्या पूजन का विधान अष्टमी के दिन सुबह कन्या पूजन का भी विधान है। कुछ लोग नवमी के दिन भी कन्या पूजन करते हैं लेकिन अष्ठमी के दिन कन्या पूजन करना श्रेष्ठ रहता है। कन्याओं की संख्या 9 हो तो अति उत्तम है, नहीं तो दो कन्याओं से भी काम चल सकता है। कन्याओं की आयु 10 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। दो साल की कन्या कुमारी, तीन साल की कन्या त्रिमूर्ति, चार साल की कल्याणी, पांच साल की रोहिणी, छ: साल की कालिका, सात साल की चण्डिका, आठ साल की शाम्भवी, नौ साल की दुर्गा और दस साल की कन्या शुभदा मानी जाती है। भोजन करवाने के बाद उन कन्याओं को दक्षिणा देनी चाहिए। इस प्रकार महामाया भगवती प्रसन्नता से हमारे मनोरथ पूर्ण करती हैं।
|
|
Copyright © 2022 K7 News
|
Designed & Developed By k7 news
|