केवल आध्यात्मिक ज्ञान ही ऐसा हे, जो हमारे दुः खो को सदा के लिए नष्ट कर सकता है। - स्वामी विवेकानंद



धर्म और समाज

महावीर मंदिर में तीन लाख पहुंचे भक्त
04/20/2013 11:50AM

रामनवमी को लेकर पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ लगी रही. दोपहर बाद करीब तीन बजे तेज आंधी-पानी आने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या थोड़ी कम हो गयी थी. फिर भी लगभग तीन लाख महिला-पुरुष भक्त महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे. रामनवमी के दिन साढ़े नौ बजे रात तक 13000 किलो नैबेद्यम की बिक्री हो चुकी थी. रात बारह बजते-बजते यह आंकड़ा 15000 किलो के पार कर गया. पिछले साल रामनवमी के मौके पर 18000 किलो नैवेद्यम की बिक्री हुई थी. इस साल नैवेद्यम की बिक्री से महावीर मंदिर को 27 लाख रुपये प्राप्त हुए. महावीर मंदिर में नैवेद्यम की कीमत 180 रुपये प्रति किलो है. रामनवमी को लेकर शुक्रवार को तड़के दो बजे पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर का पट खोल दिया गया. पट खुलते ही मंदिर में राम भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी. महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए गुरुवार की आधी रात से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गयी थी. इसके अलावा राजधानी के विभिन्न महावीर मंदिरों में भी भक्तों की अच्छी भीड़ जुटी. राजवंशी नगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भी काफी संख्या में भक्त जुटे थे. भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अयोध्या से अतिरिक्त आठ पुजारी बुलाए गए थे. नैवेद्यम की बिक्री के लिए मंदिर के बाहर मध्य रात्रि से आठ काउंटर लगाए गए थे. महावीर मंदिर में दोपहर 12.20 बजे से श्रीरामजी का जन्मोत्सव मनाया गया. पूजा के बाद मंदिर के तीनों ध्वज को बदला गया. व्यक्तिगत रूप से हनुमानजी के ध्वज की पूजा करने की अनुमति नहीं थी.

default

Designed & Developed By k7 news